मिरहची। अमरूद के बाग की रखवाली करने वाले युवक का शव रविवार सुबह बाग में मिला तो सनसनी फैल गई। कुछ परिजन जहां हत्या करने की आशंका जता रहे हैं तो पुलिस आत्महत्या मानकर चल रही है। हालांकि गुत्थी हत्या-आत्महत्या के बीच उलझी हुई है, जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सुलझने की उम्मीद है।
कस्बा मिरहची के मुख्य चौराहे से गढ़ौली जाने वाले कच्चे रास्ते पर अमरूद के बाग में 22 वर्षीय विक्रम निवासी कुरामई जनपद कासगंज का शव मिला। विक्रम की मौत हत्या है या आत्महत्या है, पता करने के लिए पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम गृह पर आए परिजन के मुताबिक शनिवार की रात को विक्रम ने दो दोस्तों एवं पिता के साथ बाग में ही बैठकर शराब पी थी। इसके बाद सभी दोस्त अपने घर चले और उसके पिता वीरेश भी अपने घर कुरामई चले गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने पूछताछ के लिए विक्रम के एक दोस्त को भी हिरासत में लिया है। मृतक के पिता वीरेश ने बताया कि विक्रम मोबाइल पर कई लड़कियों से बात करता था।
इसके अलावा अलीगढ़ जिले के इगलास की रहने वाली एक लड़की से विक्रम का प्रेम प्रसंग होने की बात भी सामने आई है। वीरेश ने बताया कि अमरूद के बाग को जिन्हैरा निवासी मनवीर सिंह से 90 हजार रुपये में वर्तमान फसल के लिए लिया है। बाग की रखवाली सभी परिजन करते हैं। वहीं थाना पुलिस घटना के सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है।
मौसा लगा रहा हत्या का आरोप
विक्रम की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके मौसा तेज सिंह निवासी असत थाना रसूलपुर जिला फिरोजाबाद ने हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पुलिस की जांच में सामने आ जाएगा कि विक्रम ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी हत्या की गई है। तेज सिंह का आरोप है कि जमीन के लालच में विक्रम की हत्या की गई है। पुलिस पर भरोसा जताते हुए कहा कि जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।