एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के अंतर्गत गांव बरौली में जूनियर हाईस्कूल के अंदर एक पेड़ पर ट्रक चालक का शव फंदे पर मिला। मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक कृष्ण सरीकपुर थाना शमशाबाद जिला फर्रुखाबाद का रहने वाला था। वह ट्रक चालक था और गांव अचलपुर निवासी महादीप का ट्रक चलाता था। बुधवार को गांव अचलपुर से ट्रक लेकर निकला, तो गांव के ही प्रेमवीर के मकान की दीवार में टक्कर लग गई। दीवार टूटने के बाद जानकारी पर महादीप वहां पहुंचा और कृष्ण से कहा कि अब तुमसे ट्रक नहीं चलवाएंगे और चाबी लेकर गाड़़ी ले गया। कृष्ण भी वहां से चला गया।
देर शाम बरौली गांव में बने हुए जूनियर हाईस्कूल के अंदर पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ उसका शव मिला। गांव के कुछ लोग स्कूल की तरफ पहुंचे और उन्होंने पेड़ पर शव लटकता देखा तो थाना बागवाला पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी संजय सिंह राघव व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं पिता ओमकार का कहना है कि पुत्र को मारकर शव पेड़ पर लटकाया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अचलपुर में गाड़ी लेकर आते समय कृष्ण ने प्रेमवीर सिंह की दीवार में टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर मलिक महादीप इसके पीछे आया और इससे गाड़ी की चाबी ले ली। इसके बाद यह वहां से चला गया और पेड़ पर लटकता मिला है। सूचना पर पहुंचे परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है।