एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में न्योराई गांव में सोमवार को नहर के पुल के नीचे एक युवक का शव मिला। पुलिस ने पता किया तो युवक गांव इस्लामनगर थाना अलापुर जिला बदायूं का निवासी निकला। सूचना मिलने पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए।
बदायूं निवासी पवन ने बताया कि साले अर्जुन (24) की किसी बात के कारण 16 मई को पत्नी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह घर से कहीं चला गया। जब लौटा नहीं तो थाना अलापुर में 17 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई गई। तबसे पुलिस और परिजन इसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को कोतवाली देहात के गांव न्योराई के पास नहर पुल के नीचे जब एक युवक का शव मिला तो पुलिस ने उसकी तलाशी ली।
जेब से मिले मोबाइल की सिम निकालकर दूसरे फोन में डालकर नंबरों पर संपर्क किया तो उसकी पहचान हुई। कोतवाली देहात प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जाएगी।