एटा/जैथरा। एक युवक का शव खेत में खड़ी धान की फसल में पानी के अंदर सोमवार सुबह करीब 10 बजे पड़ा मिला। इसके बाद सनसनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंचने के करीब एक घंटे बाद युवक की पहचान हो सकी। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
गांव नगरिया धुमरी निवासी भूप सिंह (35) का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला है। इसके शरीर पर चोट के निशान नहीं है लेकिन गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। भाई भगवान दास ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 9 बजे घर से धुमरी स्थित एटीएम मशीन से रुपये निकालने जाने की बात कहकर भूप सिंह निकला था। इसके बाद लौटकर नहीं आया तो तलाश शुरू कर दी गई।
शाम तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को लिखित में सूचना दी। उन्होंने बताया कि खेत में जिस जगह पर पड़ा मिला है, वहां पर कैसे पहुंचा यह सवाल है। जबकि उधर कभी जाना नहीं होता और गांव से करीब डेढ़ किमी की दूरी है। हत्या कर शव फेंके जाने की पूरी आशंका है। थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध हालत में नगला बल्देव से फगनौल जाने वाले बंबा के किनारे खेत में पड़ा मिला है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही सामने आ सकेगा। अगर हत्या होना पाया जाता है तो उसके आधार पर जांच और कार्रवाई की जाएगी।