एटा/अवागढ़। थाना क्षेत्र के गांव विनायकपुर में शुक्रवार की रात एक युवक की कमरे में हत्या करने के बाद ताला लगाकर हत्यारे फरार हो गए। शनिवार सुबह ताला लगा देख परिजन ने कमरे के अंदर झांका तो शव पड़ा दिखा। प्रथम दृष्टया मिले सबूतों के आधार पर पुलिस प्रेम प्रसंग में हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
गांव विनायक निवासी अचल सिंह उर्फ चिंटा उर्फ संजू (38) की गला दबाकर और सिर में किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या की गई है। गले पर भी निशान हैं। शव खून से लथपथ बरामद किया गया है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। भाई डाॅ. संतोष सिंह ने बताया कि 6 भाइयों में अचल सिंह सबसे छोटा था। मुझसे छोटे भाई रामगोपाल की पत्नी सामने वाले मकान में रहती हैं। उन्होंने रात करीब 1 बजे चीख की आवाज सुनी थी। सोचा कि सपने की वजह से चीख निकल गई होगी। लेकिन सुबह अचल के नहीं मिलने पर तलाश किया गया था। कमरे का ताला लगा था और शव अंदर कमरे में पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि युवक की हत्या की गई है। जांच करने के लिए मौके पर पहुंचे हैं और फोरेंसिक व डॉग स्काइड टीम को भी लगाया गया है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। वहीं एसएसपी ने बयान जारी कर कहा कि युवक अविवाहित था और अकेला रहता था। हत्या प्रेम प्रसंग में की गई है। कुछ चीजें कमरे से बरामद भी हुई हैं। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी जयेंद्र प्रसाद मौर्य ने बताया कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते ही की गई है। युवक अविवाहित था, लेकिन उसके कमरे से कंडोम के पैकेट मिले हैं। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि कोई महिला उसके संपर्क में थी। संभवत: उसके परिजन ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। इस पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द खुलासा भी किया जाएगा।