अलीगंज में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद भी शराब माफिया के हौसले बुलंद हैं। जहरीली शराब से 33 मौतों के बाद भी माफिया खुलेआम शराब बेच रहे हैं। सोमवार को दाऊदगंज में अवैध शराब की बिकते देख विरोध में महिलाएं सड़क उतर पर आईं। गुस्साई महिलाओं ने अलीगंज-मैनपुरी मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे विधायक और पुलिस अफसराें ने महिलाओं को समझाया और शराब माफिया के विरुद्ध कार्रवाई की। तब जाकर जाम खुला और महिलाएं शांत हुईं।
सोमवार को अलीगंज क्षेत्र के दाऊदगंज गांव में माफिया अवैध शराब बेच रहा था। गांव की महिलाओं को जब इसकी जानकारी हुई, तो अवैध शराब बिक्री के विरोध में सड़क पर उतर आईं। महिलाओं ने अलीगंज-मैनपुरी मार्ग जाम लगा कर जमकर हंगामा करते हुए पुलिस-प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामा होता देख शराब माफिया भाग निकला। वहीं हंगामे की सूचना पर विधायक रामेश्वर सिंह यादव, पूर्व जिपं अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव अफसरों संग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं शराब विक्रेताओें के खिलाफ कार्रवाई पर अड़ी रहीं। काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने शराब विक्रेता के ठिकाने पर कार्रवाई कर शराब और शराब बनाने के सामान को नष्ट कर दिया। तब जाकर महिलाओं ने मार्ग से जाम खोला। हंगामा और जाम के चलते मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। यातायात सुचारु कराने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। हंगामे और जाम लगने के कारण पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।