यूपी के एटा जिले में मेडिकल कचरे के ढेर में मानव हाथ मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हाथ को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड पुल के नीचे बृहस्पतिवार को मेडिकल वेस्ट में मानव हाथ मिलने से हड़कंप मच गया। मेडिकल वेस्ट के बीच हाथ पड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हाथ को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मानव हाथ किसका है और मेडिकल वेस्ट में कैसे पहुंचा, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से भी जानकारी की जा रही है। कोतवाली देहात पर प्रभारी केके लोधी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हाथ के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।