जलेसर। नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक से सकरौली क्षेत्र के गांव तखावन निवासी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक का 1.31 लाख रुपयों से भरा बैग चोर ले गए। बैंक में काउंटर पर रखा बैग गायब होने से परिसर में खलबली मच गई। कोतवाली पुलिस ने बैंक पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लोगों से पूछताछ की।
बुधवार को दुर्गेश कुमार निवासी गांव तखावन दोपहर करीब एक बजे बैंक से रुपये निकालने गया था। अपने खाते से 1.21 लाख रुपये निकालने के बाद बैग में रख लिए। यह बैग कैश काउंटर पर ही रखकर वह बैंक में अपनी पासबुक बनवाने के लिए चला गया। लौटकर देखा तो काउंटर पर बैग नहीं था। दुर्गेश ने बताया कि बैग में पहले से ही 10 हजार रुपये रखे थे। इस तरह कुल 1.31 लाख रुपये रखा बैग चोरी हुआ है।
रुपयों से भरा बैग गायब होने पर बैक कर्मचारियों में भी खलबली मच गई।
सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक में मौजूद कर्मचारियों व ग्राहकों से पूछताछ की। साथ ही बैंक के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में लग गई। फुटेज में एक व्यक्ति काउंटर से बैग उठाते हुए नजर आ रहा है। इसके साथ ही बैंक के बाहर मार्केट के भी सीसीटीवी फुटेज पुलिस द्वारा खंगाले जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकद्दमा पंजीकृत किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।