अलीगंज। नगर में चोर लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे थे। एक सप्ताह में ही चार वारदातों को अंजाम दे डाला। पुलिस ने ये वारदात करने वाले गैंग को पकड़ा है। तीन चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जबकि इनका एक साथी फरार हो गया।
अलीगंज में पिछले कई दिनों से चोर सक्रिय थे। पिछले सप्ताह में ही परचून, फुटवियर, ऑटोपार्टस और बर्तन की दुकान से लाखों रुपये की चोरियां कर लीं। चोरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। इसके लिए मुखबिरों को लगाया। थाना प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि 7 नवंबर की रात मुखबिर द्वारा चोरों के संबंध में सूचना मिली। इस पर चौकी प्रभारी रीतेश ठाकुर सहित टीम को भेजा गया। उन्होंने कंपिल मार्ग से मोहल्ला नजफ अली निवासी दिलशाद उर्फ पदुवा, मोहल्ला सुम्मेर चंद्र निवासी करन गुप्ता तथा मोहल्ला अंसारी निवासी शरद अली उर्फ जहीर अहमद को पकड़ लिया। जबकि एक आरोपी सूरज निवासी तहसील चौराहा, अलीगंज फरार हो गया।
आरोपियों से चोरी का सामान बरामद कर जेल भेजा है। हालांकि पहले भी कई चोरिया कस्बे में हुई लेकिन पुलिस घटना को खुलवाने में नाकामयाब रही। जिससे भी चोरों के हौसले बुलंद होते रहे। अब पुलिस ने कुछ को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इससे लोगों को लगता है कि घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
खुलासा होने के बाद लिखी गई रिपोर्ट
चोरियां होती रहीं और व्यापारियों में चोरों की दहशत व्याप्त हो गई। पुलिस चोरों को पकड़ना तो दूर, घटना की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कर रही थी। जब खुलासा हो गया, तब एक साथ चार रिपोर्ट दर्ज की हैं। मोहल्ला कूचादायम निवासी हाजी आशिफ उल्ला के मुताबिक उसके घर की छत से लकड़ी व लोहे की किवाड़ तोड़कर चोर 10 हजार रुपये व जूते ले गए। मोहल्ला नजफ अली निवासी मोनू गुप्ता के अनुसार चोर उसकी दुकान के जीने का दरवाजा तोड़कर राशन का सामान और 15 हजार रुपये ले गए। वहीं मोहल्ला लुहारी दरवाजा निवासी विनोद कुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें विनोद की दुकान की छत का जाल काटकर दुकान का सामान, 5 हजार रुपये व मोबाइल चुरा लेने की बात कही गई है।