चोरी की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
भगीपुर के मोहल्ला रानी अवंतीबाई नगर में शुक्रवार की रात चोर बंद मकान का ताला तोड़ कर लाखों के जेवर चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह घर का ताला टूटा देख भवन स्वामी के भाई ने फोन पर सूचना दी। वारदात से कालोनी में हड़कंप मच गया है।
भगीपुर निवासी थान सिंह आगरा में एक डेयरी पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वे कल रात आगरा रुके थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे दिल्ली में भाई के घर छुट्टियां मनाने गये हैं। देर रात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ कर घर में घुस आए और अंदर कमरों में लगे ताले तोड़ कर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में सोने का हार, चूड़ी, चेन, अंगूठी, टीका, कुंडल, चांदी की करधनी, पायल समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। सूचना पर सुबह आठ बजे पहुंचे थान सिंह ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने मौका मुआयना कर वारदात की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।