सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम म्याऊ में रविवार की रात चेहल्लुम के जुलूस के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद के चलते सोमवार को एक युवक को गोली मार दी, जिससे युवक घायल हो गया। युवक को आगरा रेफर किया गया है।
रविवार देर रात गांव में चेहल्लुम का जुलूस निकल रहा था। इसी दौरान गांव के जीशान पुत्र खुद्दूस आलम व नजीम के बीच कहासुनी हो गई। जुलूस में मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। सोमवार सुबह नजीम अपने साथियों के साथ जीशान के घर पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। जीशान ने गाली देने से मना किया तो नजीम ने उसे गोली मार दी। गोली जीशान के पेट में लगी और वह जमीन पर गिर गया।
आनन-फानन में उसे सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। जीशान ने नजीम, तसलीम, अब्दुल विकार, उरूज आलम, नवी आलम को नामजद करते हुए पुलिस का तहरीर दी है।