एटा। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे महिला थाना के पास रिक्शा में बैठकर घर जा रही सारिका सिंह से स्कूूटी सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर पर्स छीन लिया और भाग गए। पीड़िता के पिता ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध कोतवाली नगर में तहरीर दी है।
जेल रोड पर पुलिस लाइन व महिला थाना होने के बाद भी एक माह में तीन महिलाओं के साथ लूट की घटना हो चुकी है। कोतवाली नगर के जेल रोड निवासी बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सीपी सिंह की बेटी सारिका रिक्शा से शुक्रवार दोपहर घर लौट रही थीं। करीब डेढ़ बजे महिला थाना के पास पहुंची ही थीं कि तभी पीछे से आ रहे तीन स्कूटी सवार बदमाशों ने रिक्शा रुकवा लिया। तमंचे के बल पर पर्स छीनकर भाग गए।
शोर मचाने पर एकत्रित हुए लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की। मगर बदमाश गांव घिलौआ की तरफ भाग गए। सारिका ने बताया कि पर्स में 22200 रुपये, मोबाइल, पैनकार्ड, कुछ बैंकों के एटीएम रखे थे। मामले की तहरीर सारिका के पिता सीपी सिंह ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध दी है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले जेल रोड पर ही एक महिला तथा शिक्षिका के साथ बाइक सवार बदमाश घटना को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस बदमाशों को पकड़ना तो दूर सामान तक बरामद नहीं कर पाई है। जेल रोड पर लगातार हो रहीं लूट की घटनाओं से महिलाएं सहमी हुई हैं। पुलिस क्षेत्र होने के बाद भी लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।