भारतीय स्टेट बैंक शाखा में मंगलवार रात बदमाश घुस गए। बैंक के अंदर स्ट्रांग रूम खोलने की कोशिश की गई। बुधवार सुबह जब बैंक मैनेजर बैंक पहुंचे तब घटना का पता चला। स्ट्रांग रूम और अलमारी में चाबी लगी थी। छत से नीचे आने वाले तीन गेट टूटे पडे़ थे। प्रबंधक ने बैंक में किसी भी आर्थिक नुकसान से इनकार किया है।
एसबीआई शाखा प्रबंधक रघुवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में रात 8.32 बजे से दोनों बदमाश बैंक की छत से टार्च जलाकर गेट तोड़ते हुए दिख रहे हैं। दोनाें नौ बजे बैंक के अंदर पहुंचे और सबसे पहले लाइट जाकर प्रबंधक की केबिन और अलमारी खंगाली तो उन्हें कुछ चाबियां मिल गईं। यह चाबियां स्ट्रांग रूम की समझ दोनों स्ट्रांग रूम खोलने की कोशिश करते रहे, लेकिन असफल रहे। इसके बाद दोनों दोबारा प्रबंधक के केबिन में आए और स्ट्रांग रूम नहीं खुलने का गुस्सा प्रबंधक का कंप्यूटर, माउस, की-बोर्ड तोड़ कर निकाला। प्रबंधक की माने तो जब शातिरों ने केबिन में सीसीटीवी कैमरा लगा देखा तो उन्होंने 9.32 बजे कैमरे के तार निकाल दिए। इसके बाद उनकी कोई लोकेशन बैंक शाखा के अंदर नहीं दिखाई दी। लुटेरे स्ट्राॅंग रुम के लॉक में पुरानी चाबियां लगी छोड़ गए। बुधवार सुबह जब प्रबंधक रघुवीर सिंह ने बैंक का गेट खोला तो उन्हे केबिन में बल्ब जलता मिला।