ग्राम गेंदूपुरा में किशोरी की हत्या की सूचना पर पुलिस ने दफनाए गए शव को खोदवाकर अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम को एटा भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
कृष्णा (16) पुत्री जय प्रकाश ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवारीजनों ने गांव के ही तालाब के पास उसके शव को दफना दिया। किसी ग्रामीण ने अमापुर थाना पुलिस को सूचना दे दी कि पिता ने अपनी पुत्री की हत्या करने के बाद शव को दफना दिया है। इस सूचना के मिलने के बाद थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस नायब तहसीलदार मौजीराम के साथ गांव में पहुंच गई। पुलिस ने परिवारीजनों से इस मामले में पूछताछ की। नायब तहसीलदार की देखरेख में तालाब के किनारे खोदाई कराकर शव को बाहर निकलवा लिया। पंचनामा की कार्रवाई करने के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम को एटा भेज दिया। थाना प्रभारी अनूप यादव ने कहा कि किशोरी अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पिता द्वारा हत्या कर दिए जाने की शिकायत के बाद उसके शव की पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पीएम रिपोट आने का इंताजर किया जा रहा है। यदि पोस्टमार्टम रिपोट में हत्या का मामला सामने आता है तो पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई करेगी। मां सावित्री देवी का कहना है कि कृष्णा पर ऊपरी चक्कर था। उसे संत फकीरों को दिखाया गया। उसने ऊपरी चक्कर के चलते ही उसने आत्म हत्या कर ली।