मोहल्ला एमपी नगर में असलाह से लैस कुछ लोगों ने एक प्लाट पर जबरन कब्जा करने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। लोगों ने प्लाट पर बनी झोपड़ी घुसकर तोड़फोड़ की और सामान फेंकना शुरू कर दिया। सामान फेंकने के दौरान झोपड़ी में रखी मूर्तियां भी टूट गईं। कब्जे का प्रयास करने वाले दूसरे समुदाय के थे और मूर्तियां टूटने से माहौल तनावपूर्ण बन गया। मौके पर एकत्र हुए लोगों ने पथराव कर कब्जा करने आए लोगों को दौड़ा लिया। इसी बीच मौके से गुजर रही डीएम की गाड़ी को गुस्साए लोगों ने रोक लिया और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। डीएम ने एसडीएम को मौके पर बुलवाया और मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। इस घटना के दौरान एक युवक घायल भी हुआ है। वहीं महिला ने चेन और कुंडल लूटने का भी आरोप लगाया है।
मंगलवार सुबह जिस प्लाट को लेकर विवाद हुआ वह मोहल्ला महाराणा प्रतापनगर निवासी भगवान देवी और सुरेंद्र बाला का था। दोनाें ने कई साल पहले प्लाट रुकमणी नाम की महिला को किराए पर दिया था और तभी से वह यहां एक झोपड़ी डालकर रह रही थी। बाद में इस प्लाट को बेच दिया गया। रुकमणी परिवार के साथ यहीं रह रही थी। रुकमणी देवी ने बताया कि मंगलवार सुबह असलाह से लैस मोहल्ला किदवई नगर निवासी कुछ लोग उसकी झोपड़ी में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए झोपड़ी मेें रखा सामान फेंकने लगे। उसकी नाबालिग बेटी को खींचने का प्रयास किया।ृ इससे गुस्साए लोगों ने पथराव कर सामान फेंक रहे लोगों को दौड़ा लिया। इस दौरान डंडा लगने से अमीन नाम का युवक घायल हो गया। हंगामे के दौरान यहां से गुजर रहे डीएम को उनकी कार के आगे खड़े होकर पीड़ित पक्ष ने रोक लिया। डीएम अजय यादव ने कार से उतर कर पुलिस और एसडीएम सुनील वर्मा व सीओ निवेश कटियार को मौके पर बुलाया। डीएम को देखते ही मारपीट और हंगामा कर रहे लोग भाग निकले। रुकमणी ने चार नामजद सहित तीस अज्ञात हथियारबंद लोगों के खिलाफ तहरीर दे कर कार्रवाई की मांग की है। घायल अमीन रहमानी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित महिला रुकमणी देवी का प्लॉट के संबंध में कोर्ट में वाद लंबित है। मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन कुछ लोगों ने कोर्ट का फैसला आने से पहले कब्जा करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। डीएम अजय कुमार के आदेश पर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जिन लोगों ने माहौल बिगाड़ने प्रयास किया है उन पर रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुनील प्रकाश वर्मा, एसडीएम सदर एटा