दूज पर्व पर रिश्तेदार के यहां गए परिवार के बंद घर का ताला तोड़कर चोर गहने, नगदी समेत लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी घर लौटने पर हुई, तो घरवालों के होश उड़ गए। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गा कालोनी निवासी राजीव गुप्ता घर में ताला लगाकर पत्नी व बच्चों के साथ मंगलवार की दोपहर बहन के यहां छर्रा गए हुए थे। मंगलवार की रात मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर अलमारी व संदूक का ताला तोड़कर 34 हजार रुपये, लाखों रुपये के गहने आदि अन्य कीमती सामान उठा ले गए। चोरी की इस वारदात से राजीव एवं उसके परिवारीजनों के होश उड़ गए। चोरी की जानकारी युवक ने पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित से तहरीर लेकर पुलिस घटना की पड़ताल में जुटी है।
दुर्गा कालोनी में हुई चोरी की घटना के दौरान चोरों ने बच्चों की गुल्लक भी नहीं छोड़ी। इस भी फोड़कर सारे पैसे उठा ले गए। राजीव के मुताबिक उसके दोनों बच्चों के पास गुल्लक थी। बच्चों को कहीं भी पैसा मिलता था, तो वे इसमें भी डाल देते थे। गुल्लक फूटा और पैसे गायब देख दोनों बच्चे काफी देर तक सिसकते रहे।