सकीट रोड पर भीड़भाड़ वाले इलाके में शुक्रवार को मारुति वैन में रसोई गैस सिलेंडर से गैस रिफलिंग करते समय आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रुप धारण किया। क्षेत्र में भगदड़ मच गई। आग ने वैन के पास खड़ी बाइक को भी चपेट में ले लिया। जब तक दमकल मौके पर पहुंची दोनाें वाहन आग में जल चुके थे। मौके से रसोई गैस सिलेंडर और रिफलिंग मशीन बरामद हुई है। वैन चालक और रिफलिंग करने वाला मौके से फरार हो गया।
फीरोजाबाद से कुछ बीटीसी परीक्षार्थी वैन से आए थे। शुक्रवार दोपहर को बीएसए कार्यालय के समीप वैन चालक एसपीजी सिलेंडर में रिफलिंग करा रहा था। गंगीरी निवासी अनिल की बाइक भी यहां खड़ी थी। वैन में लगे एलपीजी सिलेंडर में रिफलिंग करते वक्त अचानक आग लगी तो वैन चालक और अवैध रुप से गैस रिफिल कर रहा युवक मौके से भाग निकला। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी बाइक को चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और गैस सिलेंडर फटने की आशंका से इलाके में भगदड़ मच गई। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। जब तक दमकल पहुंची कार और बाइक आग में चल चुकी थी।
शहर में कई स्थानाें पर अवैध रुप से एलपीजी रिफिलिंग का धंधा खुलेआम चल रहा है। लेकिन आपूर्ति विभाग और प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। शुक्रवार को जिस स्थान पर रिफलिंग करते वक्त वैन और बाइक में आग लगी। वहां के लोगों का कहना है कि इलाके में चार से पांच दुकानों में बड़े पैमाने पर गैस रिफिलिंग का काम होता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि यहां पुलिस तो आती है और वसूली कर लौट जाती है। कार्रवाई कभी नहीं हुई।