गांव मझराऊ में जमीन के विवाद को लेकर मंगलवार की सुबह दो पक्ष भिड़ गए। कहासुनी के दौरान इनके बीच गोलियां भी दागी गईं। हालांकि इससे कोई जख्मी नहीं हुआ है। फायरिंग की सूचना पर आई पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। इनके पास से दो तमंचे भी मिले हैं।
थाना निधौली कलां के गांव मझराऊ निवासी अवनीश और राम खिलाड़ी में काफी समय से जमीन कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे दोनों के बीच झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान दोनों तरफ के अन्य लोग आ गए। देखते ही देखते गोलियां दागी जाने लगी।
फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। अनहोनी की आशंका से लोग सहम गए। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। मौके पर आई पुलिस ने अवनीश, राम खिलाड़ी और शेषपाल को हिरासत में ले लिया। अवनीश, राम खिलाड़ी के पास से तमंचा भी मिलने का दावा है।