मंगलवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली में आलू लेकर एटा आ रहे किसान व चालक को गांव हरचंदपुर के पास बोलेरो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचे के बल पर ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में लेकर दोनों को बंधक बना लिया। बाद में जिला फीरोजाबाद के तजापुर चौकी के पास फेंककर चले गए। सीमा-विवाद में रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़ित किसान एसएसपी से मिला। इस पर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज के आदेश दिए हैं।
थाना मलावन के गांव दौलपुरा निवासी सौदान सिंह चालक अनार सिंह के साथ मंगलवार को आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर एटा आ रहे थे। आरोप है कि सुबह करीब पांच बजे थाना मलावन के गांव हरचंदपुर के पास पहुंचते ही बोलेरो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रैक्टर-ट्राली रुकवा ली। तमंचे के बल पर धमकाया और पीटकर घायल कर दिया। बंधक बनाकर बोलेरो में डाल लिया। इसके बाद जिला फीरोजाबाद थाना जसराना के तजापुर चौकी के पास फेंक गए।
सौदान सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने वह चौकी पहुंचे। वहां से पुलिस ने मामले की रिपोर्ट मलावन थाने में दर्ज कराने की बात कहकर टाल दिया। मलावन थाने पहुंचने पर पुलिस ने फीरोजाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। बुधवार को उन्होंने एसएसपी से शिकायत कर बताया कि करीब 30 हजार रुपये के आलू व ट्रैक्टर-ट्राली लूटकर बदमाश ले गए हैं। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में कतरा रही है। एसएसपी एसके वर्मा ने शिकायत के बाद मलावन थाना को जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। बता दें कि इससे पहले भी सीमा विवाद के चलते कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।