मोहल्ला साढूपुरा में फर्नीचर की दुकान से सामान खरीदने के बाद रुपये मांगने पर भड़के पांच लोगों ने तमंचे के बल पर दुकान से लूट-पाट की। बाद में व्यापारी चोब सिंह (60) को ट्रैक्टर में डालकर ले गए। मगराया रोड पर ले जाकर ट्रैक्टर के आगे फेंक दिया जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही एसएसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुुंच गया। मामले की रिपोर्ट बेटे ने पांच आरोपियों के विरुद्ध दर्ज कराई।
मोहल्ला साढूपुरा निवासी चोब सिंह की जलेसर रोड स्थित नगला उदिया के पास फर्नीचर की दुकान थी। बुधवार देर रात जयवीर, सतेंद्र, धीरेंद्र निवासी नगला फकीर दो अन्य साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर आए और दुकान से करीब बीस हजार का सामान खरीदकर ट्रैक्टर में भरकर ले जाने लगे जब चोब सिंह ने रुपये मांगे तो आरोप है कि तभी जयवीर ने तमंचा निकालकर धमकाते हुए रुपये देने से इंकार कर दिया विरोध करने पर गुल्लक में रखे सत्रह हजार की नकदी भी निकाल ली और शोर मचाने आरोपी चोब सिंह को ट्रैक्टर में डालकर ले गए। रात करीब साढ़े आठ बजे गांव मगराया रोड पर ले जाकर ट्रैक्टर के आगे लाकर टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर घायल हो गया।
मामले की जानकारी बेटा राजवीर को लगी तो वह साथियों के साथ मगराया रोड पहुंचा तो चोब सिंह सड़क किनारे पड़े मिले। बेटा चोब सिंह को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा जहां चोब सिंह की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एएसपी क्राइम अनूप कुमार, सीओ, थानाध्यक्ष फोर्स के साथ पहुंचे और परिवारीजनों से घटना की जानकारी ली। बेटा राजवीर ने तीन नामजद, दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को थाना पिलुआ पुलिस ने दो आरोपी सतेन्द्र, धीरेन्द्र को हिरासत में लिया जिन्हें थाने लाकर पूछताछ की।