गांव विजौरी में लापता अवनेश उर्फ राजू (30) की धारदार हथियार से हत्या कर शव को बोरे में बांधकर भूसे में छिपा दिया। पिता के शक जताने पर पुलिस ने तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए भेजा। पिता ने तीन पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव विजौरी निवासी राजू उर्फ अवनेश बुधवार रात खेत पर गए थे। उसके बाद घर नहीं लौटे। गुरुवार को पिता ऐवेन्द्र ने गांव के तीन भाई मनोज, अनिल, भूरे निवासी विजौरी पर शक जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो तीनों टूट गए और वारदात का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने तीनों भाइयों की निशानदेही पर विजौरी के जंगल में भूसे के ढेर से बोरी में बंद कर छिपाया गया शव बरामद कर लिया। पिता ऐवेन्द्र ने बताया कि आरोपियों ने रंजिशन धारदार हथियार से हत्या कर शव छिपाया था।
एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी मनोज, अनिल, भूरा को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर शव बरामद हुआ है। पिता की तहरीर पर देहात कोतवाली पुलिस ने तीनों भाईयों के खिलाफ हत्या के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
2015 में हुई आरोपियों के भाई की हत्या
कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि 2015 में आरोपियों के भाई की जमीन विवाद में हत्या हुई थी। जिसका आरोप मृतक राजू के भाई पर लगा था। पुलिस का दावा है कि उसी हत्या की रंजिश में तीनों भाईयों ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए राजू की निर्मम हत्या की।