एटा। एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर अतिरिक्त दहेज की खातिर भूखा-प्यासा रख प्रताड़ित करने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही पिटाई से गर्भपात होने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना जैथरा में जूली विश्वास पुत्री राजपाल सिंह निवासी परौली सुहागपुर ने कोर्ट के आदेश मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप लगाया है कि पति बिंसेंट आशीष पुत्र ऐरिक पॉल निवासी चुंगी नंबर-दो लालकुआं नई दिल्ली सहित पांच ससुरालीजन शादी में स्विफ्ट कार नहीं मिलने पर प्रताड़ित करने लगे थे। उत्पीड़न की हदें पार की गईं और भूखा-प्यासा भी रखा गया। मायके वालों से शिकायत की गई तो पति ने बाल पकड़कर जमीन पर पटक-पटक कर पीटा, इससे उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता की ओर से थाना लालकुआं नई दिल्ली में तहरीर दी गई तो मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। इसके बाद कोर्ट में अर्जी डाली गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।