रविवार को ग्राम पंचायत चुनाव की होने वाली मतगणना के लिए प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं प्रत्याशी भी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को जिले के सभी विकास खंड कार्यालयों पर प्रत्याशी मतगणना के लिए एजेंटों के पास बनवाने पहुंचे। इसके चलते ब्लॉक पर काफी भीड़ रही।
प्रशासन की मानें तो वोटों की गिनती के लिए न्याय पंचायत वार टेबल लगाई गई हैं। इसके तहत प्रत्येक टेबल पर न्याय पंचायत में आने वाली ग्राम पंचायतों की मतपेटिकाएं बारी-बारी से खुलेंगी। टेबल पर एक तरफ ग्राम प्रधान के वोट का बॉक्स खुलेगा तो दूसरी ओर ग्राम पंचायत सदस्यों के वोट की गिनती होगी। मतों की गिनती पर निगरानी करने के लिए विकास खंड कार्यालय पर प्रत्याशी दो-दो एजेंटों के पास बनवा रहे हैं। मतदान से लेकर मतगणना तक बनने वाले एजेंटों के लिए कुछ प्रत्याशियों ने अपने परिवार से कई-कई नामांकन कराए थे। जिससे एजेंट अधिक बनाए जा सकें।