एटा। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शुक्रवार को वार्षिक परीक्षाओं का समापन हो गया। कक्षा एक से 8 तक की सभी विषयों की परीक्षाएं सकुशल संपन्न हुई। वहीं परीक्षा देने के बाद विद्यार्थी पेपर खत्म होने की खुशी जाहिर करते रहे।जिले के परिषदीय विद्यालय में शुक्रवार को पहली पाली सुबह 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक आयोजित की गई। इसमें कक्षा एक से पांच तक नैतिक शिक्षा विषय का पेपर आयोजित हुआ। वहीं कक्षा 6 से 8 तक में विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में दोपहर 12ः30 बजे से 2ः30 बजे तक आयोजित की गई। इसमें कक्षा 6 से 8 तक पर्यावरण अध्ययन विषय का पेपर हुआ। पेपर हल करने के बाद विद्यार्थियों ने स्कूल में खुशी जाहिर की। परीक्षा खत्म होने की वजह से सभी विद्यार्थी खुश दिखाई दिए। वहीं बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को परिषदीय विद्यालयों की परीक्षा संपन्न हो चुकी है। सोमवार से उत्तर पुस्तिकाओं के साथ मूल्यांकन किया जाएगा। वहीं 31 मार्च को परिणाम जारी किए जाएंगे। एक अप्रैल से नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पठन पाठन शुरू किया जाएगा।