कासगंज। कोरोना संकट के बीच केंद्र सरकार ने संक्रमित लोगों की पहचान के लिए आरोग्य सेतु एप लांच किया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस एप को सभी शिक्षकों, कर्मियों आदि के लिए मोबाइल पर डाउनलोड करना अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
कोराना वायरस के खौफ से हर कोई डरा हुआ है। लोगों को यह तक पता नहीं है कि उनके आसपास रहने वाला कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित तो नहीं है। इस समस्या का समाधान करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आरोग्य सेतु एप लांच किया है। यह एप एंड्रायड एवं आईओएस दोनों तरह के मोबाइल पर डाउनलोड किए जा सकते हैं। इसे इंस्टॉल करने के बाद यूजर को अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद एप पर कुछ जानकारियां मांगी गई है। इन जानकारियों के बाद एप के माध्यम से यूजर के कोरोना पॉजिटिव होने या न होने के बारे में संकेत दे दिया जाएगा। इसके साथ कोरोना पॉजिटिव होने का अलर्ट भी इस एप के माध्यम से मिल जाएगा।
इस तरह करता है काम
एप के जरिए कोरोना संबंधी लक्षणों की जांच की जा सकती है। यदि कोई कोरोना पॉजिटिव है तो उसके मोबाइल डेटा से संपर्क में आए लोगों की पूरी लिस्ट आ जाएगी, जो दूसरों को भी दिखेगी। एप के जरिए आप को कहां से सहायता मिल सकती है इसकी भी जानकारी मिल जाएगी। एप पर चिन्हित कोरोना पॉजिटिव या संदिग्ध के आसपास होने पर यूजर को तुरंत इसकी सूचना मिलेगी ताकि वह सतर्क हो जाए।
- कोरोना वायरस के खतरे से बचाने के लिए बनाए गए आरोग्य सेतु एप को सभी शिक्षकों व कर्मियों को अपने मोबाइल पर डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए है। शिक्षक अपने विद्यालय क्षेत्र के अभिभावकों को भी यह एप लोड करने को प्रेरित करेंगे। - अंजली अग्रवाल बीएसए।