एटा। जलेसर एसडीएम और उनका बेटा मंगलवार को संक्रमित निकले थे। वहीं, अन्य पांच लोग भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन पर नजर रखी जा रही है।
जलेसर एसडीएम ने खुद और बेटे को संक्रमण की जानकारी सीएमओ को दी थी। उन्होंने होम क्वारंटीन करने की बात भी कही थी। इस पर सीएमओ ने उन्हें होम क्वारंटीन कराया था। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का पॉजिटिव निकला कर्मचारी भी घर में आइसोलेट है। वहीं बीते दिनों पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन पॉजिटिव आए उन्होंने भी अस्पताल जाने के इनकार कर दिया था।
इसके अलावा अवागढ़ निवासी एक व्यक्ति व शहर के मोहल्ला कृष्ण नगर निवासी मां-बेटे को होम क्वारंटीन किया गया है। सभी मरीजों के स्वास्थ्य की देखभाल चिकित्सकों द्वारा की जा रही है। सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि जिन संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है। वह लोग दिन में एक बार कॉल कर अपने स्वास्थ्य की जानकारी देते हैं। वहीं पूरी सुरक्षा का ख्याल मरीजों द्वारा रखा जा रहा है।
किसी प्रकार की शिकायत पर उन्हें तत्काल स्वास्थ्य कर्मियों को कॉल करने को कहा गया है, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सके। जलेसर एसडीएम सहित सात कोरोना पॉजिटिव मरीजों को होम क्वारंटीन किया गया है। जहां मरीजों से प्रतिदिन कॉल कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है।
तहसील परिसर बना नया हॉटस्पॉट क्षेत्र
जलेसर। उप जिलाधिकारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद तहसील मुख्यालय को जिलाधिकारी के निर्देश पर चार दिन के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि तहसीलदार राकेश कुमार त्यागी सहित तहसील परिसर में रहने वाले समस्त कर्मचारियों का कोरोना का टेस्ट कराया गया। कुल 38 व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट लिया गया, जिसे जांच के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। संवाद