एटा। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए फिर से सर्विलांस अभियान चलाया जाएगा। जहां आशा व एएनएम घर-घर जाकर संदिग्धों की पड़ताल कर उन्हें चिह्नित करेंगी। वहीं रेपिड रिस्पांस टीम द्वारा उनका सैंपल जांच के लिए जाएगा।
जिले में दिन प्रतिदिन कोरोना के मरीजों में इजाफा होता जा रहा है। जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 230 हो गई है। जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमण को रोकने के लिए जागरूकता के साथ कई अभियान चलाए गए। इसके बाद भी जिले में मरीजों की बढ़ती रफ्तार चिंता का विषय है।
इसी को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिले में फिर से सर्विलांस अभियान चलाने का निर्णय लिया है। विभाग ने 545 टीमें अभियान के लिए बनाई हैं। यह टीम घर-घर जाकर परिवार का विवरण नोट करेंगी। इसके साथ ही घर में कोई व्यक्ति बीमार है तो वह किस बीमारी से ग्रसित है आदि की जानकारी लेंगी।
पांच टीम के ऊपर एक टीम करेगी निगरानी
सीएमओ ने बताया कि सर्विलांस अभियान के दौरान पांच टीम पर एक टीम निगरानी के लिए लगाई जाएगी। जहां निगरानी टीम घरों पर जाकर पड़ताल करेगी कि स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम आई या नहीं। अगर टीम आई तो टीम ने क्या जानकारी ली।
बीते अभियान में 1659 संदिग्ध किए थे चिह्नित
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 से 15 जुलाई के बीच सर्विलांस अभियान चलाया गया था। जहां विभाग को जिले में 1659 संदिग्ध मिले थे। विभाग द्वारा सभी के सैंपल जांच को भेजे गए थे।
जिले में मरीज प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। इसी को लेकर दोबारा सर्विलांस अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। टीम घर-घर जाकर मरीजों की जानकारी करेगी। डॉक्टर अजय अग्रवाल, सीएमओ