एटा। जिले में शुक्रवार को दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों की तलाश की गई। जहां एक का पता बस स्टैंड लिखा। उसे स्वास्थ्य विभाग रोडवेज का कर्मचारी मान रहे थे, लेकिन वह शहर के मोहल्ला नई बस्ती का निवासी बिजली मिस्त्री निकला है। विभाग द्वारा उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी एक व्यक्ति बिजली की फिटिंग आदि का कार्य करता है। कुछ दिन पूर्व उसे बुखार आया। जहां किसी के कहने पर चार दिन पूर्व बस स्टैंड पर कोरोना जांच का सैंपल दिया। इस दौरान उसका पता बस स्टैंड लिखा गया। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसकी पड़ताल की गई।
इस दौरान विभाग उसे रोडवेज का कर्मचारी मान रहा था, लेकिन देर रात उससे मोबाइल पर बात हुई तो वह बिजली मिस्त्री निकला। वहीं उसने अपना पता नई बस्ती बताया। सूचना पर पहुंची टीम ने उसे बागवाला कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि श्याम नगर निवासी व्यक्ति की स्वास्थ्य विभाग को अभी तलाश है।
सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आए। जहां एक व्यक्ति बिजली मिस्त्री निकला। उसे कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी है। वहीं, बिजली मिस्त्री के संपर्क में आए व्यक्तियों की भी तलाश की जा रही है।