एटा। परिजनों से कहासुनी के चलते नाराज किशोरी नदी में कूद गई। जिसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू कराई। गोताखोर किशोरी को निकालने में कामयाब तो हुए लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव भगीपुर बढैरा निवासी भागवती (16) पुत्री चरन सिंह ने गांव के पास ही स्थित काली नदी में बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12.30 बजे छलांग लगा दी। नदी किनारे पशुओं को चरा रहे गांव के बच्चों ने परिजनों को खबर दी। काफी संख्या में ग्रामीणों के साथ परिजन काली नदी पहुंच गए। इसके बाद किशोरी की तलाश शुरू कर दी। देररात तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
शुक्रवार की सुबह पांच बजे गोताखोरों को किशोरी की तलाश में लगाया गया। सात बजे किशोरी का शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश पाल सिंह ने बताया कि किशोरी ने परिजनों से नाराज होने पर नदी में छलांग लगा दी थी। शव करीब 20 घंटे बाद ढूंढा जा सका है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।