एटा। रोडवेज वर्कशॉप में तैनात एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकला। जिसकी सूचना पर वर्कशॉप में हड़कंप मच गया। वहीं देर शाम तक मरीज वर्कशॉप में बागवाला कोविड अस्पताल जाने का इंतजार करता रहा। अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 142 पहुंच गई है।
शहर के होली मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय युवक रोडवेज के वर्कशॉप में ठेकेदारी पर मैकेनिक का कार्य करता है। 29 जून को पूल सैंपलिंग के दौरान कोरोना की जांच के लिए उसका सैंपल आगरा भेजा गया था। शुक्रवार की शाम आई रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकला।
इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा एआरएम मदनलाल को दी गई। वहीं वर्कशॉप से ही युवक का कपड़ों और जरूरी सामान का बैग घर से मंगाया गया। इस दौरान वह दो घंटे तक वर्कशॉप में एंबुलेंस के इंतजार में बैठा रहा। वहीं पॉजिटिव आए मैकेनिक ने बातचीत के दौरान बताया कि उसका वर्कशॉप से कहीं आना-जाना भी नहीं है। उसे किसी प्रकार की दिक्कत भी नहीं है।
पास बैठे थे अन्य कर्मचारी
मैकेनिक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना के बावजूद कर्मचारियों द्वारा उससे बचाव नहीं किया गया। इस दौरान एक कमरे में कर्मचारी उसके पास बैठे रहे, जबकि शासन पॉजिटिव मरीजों से दूरी बनाने के लिए जागरूक कर रहा है।
संपर्क में आए लोगों की होगी सैंपलिंग
सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए लोगों की जांच के लिए सैंपलिंग की जाएगी। इसके साथ ही उसके परिजनों को क्वारंटीन कराकर सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
- होली मोहल्ला निवासी युवक रोडवेज वर्कशाप में कार्य करता है। वह कोरोना पॉजिटिव आया है। उसे बागवाला कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। वहीं उसके संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग कराई जाएगी। - डॉ. अजय अग्रवाल, सीएमओ।
कोरोना अपडेट
जिले में कोरोना पॉजिटिव- 142
स्वस्थ हुए मरीज- 80
एक्टिव केस- 62
जनपद में मौत- 07