एटा। दिल्ली में कैंसर की दवा लेने गए अधेड़ की कोरोना वायरस की जांच हुई। वह जांच में पॉजिटिव निकला। आनन-फानन में उसके घर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। वहीं मरीज को हायर सेंटर रेफर किया गया है। अब जिले में मरीजों की संख्या 15 पर पहुंच गई।
सदर तहसील के शहर की सीमा से सटे गांव बघीपुर निवासी एक अधेड़ कैंसर रोग से ग्रसित है। उसका इलाज दिल्ली के राजीव गांधी हॉस्पिटल से चल रहा है। तीन दिन पूर्व अधेड़ दिल्ली दवा लेने गया। जहां इलाज से पहले उसे कोरोना की जांच की सलाह दी गई। इस पर वह दिल्ली के एक हॉस्पिटल में सैंपल देकर घर चले आए।
मंगलवार को अधेड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस पर दिल्ली के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल को जानकारी दी गई। सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि अधेड़ कोरोना पॉजिटिव आया है। वह घर पर था। इसी को लेकर उसके परिजनों को क्वारंटीन कराया जा रहा है।