जलेसर(एटा)। सकरौली कस्बा स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के मैनेजर को आगरा में कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कोरोना पॉजिटिव की सूचना मिलते ही एलडीएम ने बैंक को सीज कर दिया। बैंक मैनेजर का आगरा के एक नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है।
जलेसर क्षेत्र के कस्बा सकरौली में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के मैनेजर आगरा के खेरिया मोड़ स्थित अयोध्या कुंज के रहने वाले हैं। वे आगरा से ही यहां के लिए बाइक से प्रतिदिन अप-डाउन करते हैं। 29 अप्रैल को वह बैंक बंद कराकर आगरा जा रहे थे। इस बीच वह किसी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए थे।
उन्हें आगरा के रामरघु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहीं उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद प्लास्टर हुआ था। छह घंटे बाद ही उन्हें यहां से रिलीव भी कर दिया गया था। उन्होंने नर्सिंग होम में अपनी कोरोना की जांच कराई। जहां मैनेजर कोरोना पॉजिटिव निकले।
इसकी सूचना पर नायब तहसीलदार विक्रम सिंह चौहान और एलडीएम ने बैंक को सीज करा दिया है। वही,ं जलेसर सीएचसी प्रभारी डॉ. पवन शर्मा ने मौक पर टीम भेजकर बैंक के पांच कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कर्मचारियों में कोरोना को कोई लक्षण नहीं मिला। उन्हें होम क्वारंटीन की सलाह दी गई।
संपर्क में आए लोगों की तलाश
बैंक मैनेजर के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश प्रशासन ने शुरू कर दी है। जहां सीसीटीवी कैमरे की मदद भी ली जा सकती है।
निकटवर्ती किसी भी बैंक से करें लेनदेन
एलडीएम प्रदीप थामस ने बताया कि आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के ग्राहकों को कोई असुविधा न हो। इसके लिए वह निकटवर्ती किसी भी ग्रामीण बैंक से लेनदेन कर सकते हैं।
सकरौली की आर्यावर्त बैंक के मैनेजर को कोरोना की पुष्टि हुई है। बैंक को सील कर दिया गया है। कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।
-राजीव गुप्ता, रीजनल मैनेजर, आर्यावर्त बैंक
बैंक मैनेजर को कोरोना पॉजिटिव की सूचना मिली है। सकरौली क्षेत्र के आसपास के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।
-डॉ. अजय अग्रवाल, सीएमओ