एटा। आगरा के पारस अस्पताल से कोरोना वायरस एटा तक आ पहुंचा है। यहां रविवार शाम को महिला सहित तीन लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। डीएम ने बताया कि तीनों को बागवाला स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। उनके घरों के आसपास का एक किलोमीटर का एरिया हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। वहां बैरियर लगाकर आवाजाही बंद कर दी गई है।
जिले के तीन युवक आगरा के पारस अस्पताल में काम करते हैं। इसमें से कंपाउंडर कोरोना की जांच के डर से पिछले दिनों जलेसर स्थित अपने गांव गणेशपुर भाग आया। सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस से युवक को बृहस्पतिवार को सीएस अस्पताल भर्ती करा दिया। उसके संपर्क में आए परिजन भी यहीं क्वारंटीन कर दिए गए।
कंपाउंडर की जांच रिपोर्ट पहले आ गई जो निगेटिव निकली। वहीं उसके भाई और भतीजे की रविवार को आई रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसी अस्पताल में मारहरा के गांव बोरनी की 55 वर्षीय महिला भर्ती है। वह बीमार पड़ने पर पारस अस्पताल में इलाज कराने गई थी, जहां से लौटने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग ने उसे भी सीएस अस्पताल में भर्ती कराया था। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
कोरोना वायरस से तीनों संक्रमितों को बागवाला सीएचसी में बने कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। देर रात तक यहां सुरक्षा किट के साथ 25 डॉक्टरों का दल तैनात है। आवश्यक उपकरण दुुरुस्त किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक तीनों सीएस अस्पताल में भर्ती हैं।
-पारस अस्पताल के कर्मचारी के दो रिश्तेदार सहित मारहरा क्षेत्र की एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन दोनों के गांवों को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। यहां पूरी तरह आवाजाही बंद रहेगी और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति की होम डिलीवरी की जाएगी।
-सुखलाल भारती, जिलाधिकारी