मारहरा। कस्बे की सहकारी समिति पर शनिवार को सदस्यता महा अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के 400 से अधिक किसानों को सहकारिता का सदस्य बनाया गया।
अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त सहकारिता अशोक कुमार ने कहा कि सहकारिता परिवार को बढ़ाने के लिए 12 सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू किया गया है जो 12 अक्तूबर तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि किसान सहकारिता के सदस्य बनकर सरकार की योजनाओं का लाभ लें। सहकारी समिति के सदस्य बनने पर खाद-बीज वितरण में प्राथमिकता मिलेगी। तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण की सुविधा है।
अलीगढ़ मंडल के उपायुक्त प्रमोद वीर आर्य, सहायक आयुक्त सतीश कुमार, जिला सहकारी बैंक एटा के सचिव मुकेश चंद्र, अपर जिला सहकारी अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, समिति के सचिव नेमसिंह सहित समिति के डायरेक्टर और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।