जैथरा के गांधीनगर में गली के बीचोंबीच ऊपर की ओर लिंटर डालकर बनाया गया कमरा।
- फोटो : ETAH
एटा। कस्बा जैथरा में गली के बीचोंबीच लिंटर डालकर ऊपर की ओर निर्माण करा लिया। इससे गली ने किसी गुफा जैसा रूप ले लिया। समस्याएं आईं तो लोगों ने शिकायत की। इस पर नगर पंचायत ने तीन दिन में अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया है।
मामला कस्बा के मोहल्ला गांधीनगर का है। डीएम से शिकायत की गई थी कि एक मकान स्वामी ने गली के ऊपरी हिस्से पर लिंटर डालकर कमरे का निर्माण करा लिया है। जो गली से महज छह फीट की ऊंचाई पर है। इससे जहां गली में वाहनों का आवागमन बाधित होता है। वहीं क्षतिग्रस्त हालत के इस निर्माण के ध्वस्त होने से लोगों को जानमाल का खतरा बना हुआ है।
यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर ये लोग झगड़ने लगते हैं। इस शिकायत पर डीएम ने जैथरा नगर पंचायत को कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस पर ईओ रमेश कुमार ने संपत्ति स्वामी प्रेमलता तिवारी को नोटिस जारी किया है। ईओ ने बताया कि नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। ऐसा न करने पर नगर पंचायत अपने स्तर से कार्रवाई करेगी।