एटा। विद्युत निगम द्वारा बकाया वसूली को लेकर जिले में अभियान चलाया जा रहा है। शहर की बात करें तो यहां दस हजार से अधिक बिल के 622 बकाएदार हैं। बृहस्पतिवार को निगम के अधिकारियों ने अभियान चलाया। जहां टीमों ने 65 विद्युत कनेक्शन काटे, वहीं 12 लाख रुपये वसूल किए।
शहरी विद्युत वितरण खंड के अधिशाषी अभियंता जीसीएल भटनागर ने बताया कि शहर में 622 विद्युत उपभोक्ता दस हजार से अधिक के बकाएदार हैं। इन पर निगम का एक करोड़ चार लाख रुपये बकाया है। एसडीओ प्रथम योगेश मौर्य ने बताया कि बृहस्पतिवार को शहर के मोहल्ला शांतिनगर, दिनेश नगर, चोंचा वनगांव, बाबूगंज आदि मोहल्लों में अभियान चलाया गया। इस दौरान बिल जमा न करने पर 65 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। जबकि विभिन्न उपभोक्ताओं से 12 लाख रुपये की वसूली की गई।