बिजली की दरें बढ़ाए जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर जीटी रोड स्थित कचहरी चौराहे पहुंचे, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। बाद में कलक्ट्रेट पर एडीएम प्रशासन लालमणि मिश्र को प्रदेश के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चोब सिंह ने कहा कि सपा ने चुनाव के दौरान अपने एजेंडे में यह वादा किया था कि सरकार बनने पर प्रदेश में मुफ्त में बिजली, पानी दिया जाएगा। मुफ्त बिजली पानी की बात कहकर धोखे से जनता का वोट हड़पने के बाद बिजली दरों में वृद्धि कर उपभोक्ताओं की कमर तोड़ने का काम किया है। अब बिजली की दरों में 13 से 14.54 फीसदी का इजाफा किया गया है। 500 यूनिट से ज्यादा हर महीने बिजली उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अब तक उपभोक्ताओं को 5.5 रुपये प्रति यूनिट की दर से भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब एक यूनिट के लिए 6.20 रुपये चुकाने होंगे। यही नहीं 1.9 फीसदी अतिरिक्त रेगुलेटरी चार्ज भी देना होगा। चेतावनी दी गई है कि यदि बढ़ाई गईं दरें वापस नहीं ली जाती हैं तो उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर नगर अध्यक्ष आशिक हुसैन भोले, अजीज फारूकी, रुपेंद्र तोमर, विजय सोलंकी प्रधानाचार्य, शोभा यादव, भगवान स्वरूप प्रजापति, भोजराज सिंह, गीतम सिंह, समीउद्दीन आदि मौजूद थे।