एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के ससोता दोषपुर गांव में श्मशान घाट की भूमि पर कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंची राजस्व टीम पर हमला किया गया। आरोप है कि शिकायतकर्ता ने टीम के साथ मारपीट की और सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
राजस्व निरीक्षक (आरआई) ओमनमो नारायण के नेतृत्व आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत की जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि जैसे ही टीम ने पैमाइश शुरू करने की तैयारी की, शिकायतकर्ता भी वहां आ गया और उसने राजस्व कर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लेखपालों के हाथ में मौजूद सरकारी दस्तावेज और नक्शा फाड़ दिया गया।
घटना के बाद राजस्व कर्मियों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। आरआई और अन्य लेखपालों ने सामूहिक रूप से उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता को लिखित शिकायती पत्र सौंपा है।
उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने अलीगंज थाना पुलिस को इस मामले में जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। राजस्व निरीक्षक ओम नमो नारायण ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम में लेखपाल प्रकाश, शशिकांत, रूपेंद्र, प्रशांत, दीपक और अंकित शामिल थे, जिनके साथ शिकायतकर्ता द्वारा मारपीट की गई और सरकारी नक्शा फाड़ा गया।