एटा। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया होगी। इसको लेकर बुधवार से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू करा दी गईं। ब्लॉक मुख्यालय से आम नागरिकों को 200 मीटर दूर रोक दिया जाएगा। इसके लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। वहीं मुख्यालय पर प्रवेश के लिए अलग से बैरिकेडिंग लगाई गई है।
जनपद के आठ ब्लॉकों में बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ने वाले लोग नामांकन करेंगे। यह चुनाव काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर 200 मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि मुख्यालयों पर 200 मीटर दूरी पर ही वाहनों को रोक दिया जाएगा। वहीं मुख्यालय में प्रवेश के लिए एक बैरिकेडिंग अलग से होगी। उन्होंने बैरिकेडिंग की व्यवस्थाओं को देखने के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण करना ही प्राथमिकता है।