जीटी रोड पर लगी नाश्ते की रेहड़ी पर लगा नया रेट कार्ड। संवाद
- फोटो : आरोग्य मेले की जानकारी लेते सीएमओ डॉ. अशोकर कुमार।
एटा। कमर्शियल गैस सिलिंडर के दामों में 993 रुपये की अचानक हुई बढ़ोतरी का सीधा असर अब आम लोगों के खान-पान पर दिख रहा है। सोमवार सुबह होते ही शहर के छोटे-बड़े सभी नाश्ता विक्रेताओं ने अपने रेट बढ़ा दिए। कई दुकानों और ठेलों पर पुराने रेट काटकर नए दाम लिख दिए गए। नाश्ते की कीमतों में 10 से 20 रुपये तक का इजाफा कर दिया गया है। फास्टफूड विक्रेता भी बढ़ी लागत का हवाला देते हुए चाउमीन, पराठा, कचौड़ी-जलेबी, ब्रेड पकोड़ा, समोसा, छोले-भटूरे और अन्य चीजों को महंगा करने पर मजबूर हैं।
महंगाई का असर आम आदमी के लिए झटका बनकर आया है। बजट पहले से बिगड़ा हुआ था अब रोजमर्रा के खर्चों में नाश्ते का बढ़ा दाम और परेशानी खड़ी कर रहा है। शहर के मुख्य बाजार में स्थित कई दुकानदार विनोद, राकेश, अवनीश ने बताया कि कमर्शियल सिलिंडर के महंगा होते ही उनकी लागत बढ़ गई है।
तेल, मसाले और सब्जियों की कीमतें पहले ही आसमान छू रहीं थीं। बढ़ी गैस कीमतों ने लागत और बढ़ा दी है। दुकानदार रमेश बाबू ने कहा कि पुराने रेट पर बेचना मुश्किल हो गया है। नाश्ता विक्रेता राजू कुमार ने बताया कि एक कमर्शियल सिलिंडर पर हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च सीधे उनकी कमाई को प्रभावित करता है। ऐसे में बिना रेट बढ़ाए काम करना संभव नहीं था। सुबह नाश्ता लेने पहुंचे ग्राहक मनमोहन ने कहा कि कमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़े हैं घरेलू के नहीं लेकिन असर तो सीधे हम पर पड़ रहा है।
नाश्ते से लेकर फास्टफूड तक सब महंगा हो गया है। 40 रुपये वाला नाश्ता अब 50-60 रुपये में मिल रहा है। कई ग्राहकों का कहना है कि रोज बाहर नाश्ता करने वालों का खर्च काफी बढ़ गया है।