जैथरा। कस्बा के मोहल्ला बढ़ैयान में शनिवार को एक क्लीनिक पर डेढ़ वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चे के परिजन ने चिकित्सक पर गलत दवा पिलाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस जा पहुंची,लेकिन चिकित्सक मौके से फरार हो गया।
गांव नगला भवानी उर्फ नगला बंजारन निवासी सचिन ने बताया कि दो दिन से उसके डेढ़ वर्षीय बेटे अनमोल को पेट में दर्द और दस्त की शिकायत थी। कस्बा के मोहल्ला बढ़ैयान में संचालित क्लीनिक पर डॉ. अरविंद के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक द्वारा बच्चे को दवा पिलाई गई। दवा पिलाने के बाद चिकित्सक ने सौ रुपये लिए। कुछ समय बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ने की जानकारी चिकित्सक को दी। कहा कि चिकित्सक क्लीनिक से भाग गया। वहीं परिजन बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचे। जहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत बता दिया। पीड़ित ने बताया चिकित्सक द्वारा क्लीनिक पर बच्चे को जो दवा पिलाई गई है। उसी से बच्चे की मौत हुई है।
प्रभारी निरीक्षक रामेंद्र कुुमार शुक्ला ने बताया कि बच्चे की मौत होने पर पिता की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व में भी चिकित्सक पर दर्ज हो चुकी है रिपोर्ट
एसीएमओ डॉ सर्वेश कुमार ने बताया कि चिकित्सक के पर 29 अगस्त को जैथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। क्लीनिक संचालक पर पूर्व में भी आरोप लगते रहे हैं। एक व्यक्ति द्वारा बच्चे का गलत उपचार करने का आरोप लगाया था। मामले में एसीएमओ ने क्लीनिक को सील कर दिया था। सील क्लीनिक होने पर दूसरा शटर खोलकर मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है।
क्लीनिक पर बच्चे की मौत हुई है। ऐसी जानकारी मिली है। क्लीनिक संचालक पर पहले भी रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। क्लीनिक को सील कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। - डॉ उमेश त्रिपाठी, सीएमओ