एटा। न्याय पंचायत अकबरपुर सांथा में तैनात सफाई टीम ने अपने क्षेत्र में काम तय योजना के अनुसार नहीं किया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था, जिसका उद्देश्य मच्छरों, गंदगी और अन्य बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई को प्राथमिकता देना था। सफाई टीम की लापरवाही पर 3 दिन का वेतन रोका गया है।
ब्लॉक जलेसर क्षेत्र स्थित न्याय पंचायत अकबरपुर सांथा में 12 से 14 अक्तूबर के बीच बनाई गई सफाई योजना के तहत टीम के 10 कर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर साफ-सफाई का काम करना था, लेकिन टीम ने लापरवाही बरती और सफाई नहीं की। निगरानी टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया तो मामला सामने आया। इस पर पूरी टीम का तीन दिन का वेतन रोकने का सख्त कदम उठाया गया है।
इसके साथ ही सफाईकर्मियों को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी अपने काम में लापरवाही करेंगे, तो उनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि बीमारियों को फैलने से रोका जा सके। क्षेत्र में मच्छरों के प्रकोप और गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, जिसे नियंत्रित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह चौहान ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर गठित की गई टीमें संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सफाई कर रही हैं, लेकिन अकबरपुर सांथा में 12 से 14 अक्तूबर तक काम नहीं करने वाली पूरी टीम का तीन दिन का वेतन रोका गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है।