अलीगंज/एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला कलू में खड़े ट्रक के केबिन में क्लीनर का शव मिला। ट्रक का चालक परिजन समेत फरार है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
नगला चितर निवासी रामनरेश के पुत्र मंजेश (22) का शव मंगलवार सुबह ट्रक के केबिन में मिला। परिजनों की सूचना पर डिप्टी एसपी विक्रांत द्विवेदी पुलिस बल के साथ पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सूचना आलाधिकारियों को दी। मौके पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉयड की टीमों को बुलाया गया।
मृतक के बड़े भाई अरविंद कुमार ने बताया कि मंजेश यादव को पास के ही गांव नगला कलू निवासी ट्रक चालक कुलदीप 20 मार्च को क्लीनर के काम के लिए ले गया। ट्रक पर जाने के बाद तीन दिन बाद मंजेश के हाल-चाल लेने के लिए फोन किया। लेकिन उसका मोबाइल बंद जाने लगा। इसके बाद चालक के नंबर पर फोन किया तो उसने बात नहीं कराई।
चालक ने मंगलवार की सुबह ट्रक लाकर अपने गांव में खड़ा कर दिया। मुझे फोन कर मंजेश को ले जाने के लिए कहा। जब मैं वहां पहुंचा तो ट्रक में उसका शव पड़ा हुआ था। जबकि चालक परिजन समेत फरार हो चुका है। आशंका है कि महेश की हत्या की गई है।
घटना स्थल का मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा ने चालक के घर के आसपास के लोगों से पूछताछ की। एएसपी ने बताया की क्लीनर का शव ट्रक के अंदर से बरामद हुआ है, जिसका पोस्टमार्टम कराया गया है। शव पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।