एटा। पहिए का बोल्ट कसते समय क्लीनर ट्रक की चपेट में आ गया। शोर सुनकर लोग बचाने पहुंचे तब तक उसकी मौत हो गई। ट्रक में गिट्टी भरी हुई थी और हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र में हिंदुस्तान यूनीलीवर के पास हुआ।
गांव शहरोई थाना खैर जिला अलीगढ़ निवासी अजय कुमार (20) एक ट्रक पर क्लीनर का काम करता था।
सोमवार की रात लगभग 9 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड पर हिंदुस्तान यूनीलीवर के सामने ट्रक के पहिए में दिक्कत आ रही थी। इस वजह से उसने उतर कर देखा तो एक बोल्ट ढीला मालूम पड़ा। यह देखकर उसको कसने लगा। इतने में पीछे से दूसरा ट्रक इसमें टकरा गया।
टक्कर लगने से ट्रक आगे बढ़ने लगा और इसकी चपेट में आने से अजय नीचे गिर गया और ऊपर से पहिया गुजर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आए और गंभीर रूप से घायल अजय को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस व मृतक के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।