एटा के गांव रामपुर घनश्यामपुर में पुरानी रंजिश को लेकर बृहस्पतिवार को दो पक्षों में बवाल हो गया। इसमें गंभीर रूप से घायल 16 माह की मासूम नैना की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना से आक्रोशित परिजन शुक्रवार दोपहर टीपी नगर चौकी पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर भीड़ को शांत किया और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा।
मृत बच्ची नैना की मां कोकिला ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे वह परिवार के अन्य लोगों के साथ खेतों में गेहूं काटने गईं थीं। इसी दौरान गांव के कुछ लोग पुरानी रंजिश को लेकर परिवार से उलझ पड़े। बात बढ़ी तो उन्होंने लाठी-डंडों से हमला करते हुए पथराव शुरू कर दिया। कोकिला की बुआ लौंंगश्री की गोद में 16 माह नैना थी। हमले के दौरान धक्का-मुक्की में बुआ का संतुलन बिगड़ गया और बच्ची गोद से छिटककर जमीन पर गिर पड़ी।
परिजन के अनुसार, गिरने से मासूम को भीतरी चोट आई जबकि कोकिला व लौंंगश्री को भी चोटें पहुंचीं। कोकिला ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम तक बच्ची की हालत सामान्य दिख रही थी लेकिन शुक्रवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। वह तुरंत उसे पास के निजी चिकित्सक के पास ले गईं जहां परीक्षण के बाद चिकित्सक ने नैना को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिवार में चीत्कार मच गया।
परिवार बच्ची की मौत का आरोप हमलावर पक्ष पर लगाते हुए शिकायत लेकर टीपी नगर चौकी पहुंच गए और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना पर कोतवाली देहात प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजन को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत कराया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति पहले से हत्या के मामले में काट रहा जेल
कोकिला के पति करन सिंह पहले ही हत्या के एक मामले में सजा काट रहे हैं। ऐसे में परिवार में केवल महिलाएं और बच्चे ही रह रहे हैं, जिससे तनाव वाली घटनाओं का दबाव उन पर अधिक पड़ रहा है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी
थानाध्यक्ष कोतवाली देहात धर्मेंद्र ने बताया कि मृतका की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।