भाई दूज पर शहर के दीनदयाल चौराहे पर जाम के कारण लगी वाहनों की लंबी कतार। संवाद
एटा। भाई दूज के पर्व पर बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई। सुबह से ही प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ जाम का सिलसिला शाम पांच बजे तक जारी रहा। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर वाहन रेंगते नजर आए। जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को भाई दूज के लिए वाहनों का दबाव रहा। वहीं पांच दिन दीपोत्सव के अवकाश के बाद लोग काम पर दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम के लिए लौट रहे हैं। वाहनों की अत्यधिक भीड़ के कारण शहर के दीनदयाल चौक, बस स्टैंड, कचहरी तिराहा, हाथी गेट चौराहा और अलीगंज रोड तिराहे पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
जीटी रोड पर भी दोनों ओर वाहनों की लाइन लगी रही। कई बार स्थिति ऐसी हो गई कि वाहन चालकों को कुछ दूरी तय करने में काफी समय लग गया। जाम खुलवाने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों को दिनभर पसीना बहाना पड़ा। पुलिसकर्मी चौराहों पर खड़े होकर वाहनों को निकलवाने और यातायात सुचारू कराने में जुटे रहे लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के चलते उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बड़े वाहनों के प्रवेश ने बिगाड़ी स्थिति
आगरा से बरेली आने-जाने के लिए कोई बाईपास नहीं है। यहां जाने वाले बड़े वाहन शहर के बीच से होकर गुजरते हैं। इस रूट के डंपर, ट्रेलर, कंटेनर दीनदयाल चौक से होकर गुजरते हैं। यही वजह रही कि दीनदयाल चौक पर जाम की स्थिति बनी रही। इसके चलते जीटी रोड और आगरा रोड पर एक वाहनों की लंबी कतार लगी रही।