उड़ेरी मार्ग पर मंगलवार सुबह पेड़ से टक्कर बचाने के प्रयास में स्कूली बच्चों से भरी सिटी कांवेंट स्कूज की बस अनियंत्रित होकर गेहूं के खेत में उतरने के बाद पलट गई। हादसे में 35 बच्चे घायल हो गए। कुछ बच्चों का मौके पर उपचार होने के बाद परिवारीजन घर ले गए। घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी अवागढ़ में भर्ती कराया गया है। सूचना पर बीएसए, एबीएसए, एसडीएम, एआरटीओ, सीओ पुलिस बल, स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। एआरटीओ ने बताया कि बस को कंप्यूटर आपरेटर चला रहा था।
अवागढ़ स्थित सिटी कांवेंट स्कूल की बस मंगलवार सुबह मीसाखुर्द, मीसा कलां, सरकारी, नरोरा और उड़ेरी से बच्चों को लेकर लालगढ़ी बच्चे लेने जा रही थी सबुह नौ बजे लालगड़ी-उड़ेरी गांव के बीच रास्ता संकरा होने के कारण बस पेड़ से टक्कर बचाने के चक्कर में स्टीयरिंग ज्यादा कट गई और बस अनियंत्रित होकर गेहूूं के खेत में उतरने के बाद पलट गई। बस पलटते ही बच्चाें में चीख पुकार मच गई। खेत में काम कर रहे युवक ने बस के शीशे तोड़ कर घायल बच्चों को बाहर निकाला और सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चाें का उपचार कर एंबुलेंस से पीएचसी पहुंचाया। उधर हादसे की सूचना से अभिभावकों में हड़कंप मच गया। परिवारीजन घटनास्थल और अस्पताल में पहुंचे। लाडलों को आंशिक घायल देख उनकी सांस में सांस आई। कई अभिभावक घटनास्थल से बच्चों को लेकर घर चले गए। हादसे के बाद से बस चालक बादामपुर निवासी रवि पुत्र रमेश फरार है। उड़ेरी निवासी रामपाल ने स्कूल प्रबंधक राजकुमार तिवारी के खिलाफ अनियमितता और स्कूल बसों के संचालन में लापरवाही का आरोप लगाते रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसडीएम जलेसर राजपाल सिंह कहा एआरटीओ स्कूल बस और बीएसए स्कूल की जांच कर रहे हैं।
दो बच्चे गंभीर घायल, परिवारीजन ले गए आगरा
सिटी कांवेंट स्कूल बस हादसे के घायलों में मीसाखुर्द निवासी वर्षा, शेखर, लव कुमार, अंकिता, नेहा, नमृता, आर्यन, कीर्ति, प्रशांत, उपासना नरोरा निवासी पारस, विनय प्रताप, नरेंद्र, अरविंद, पुष्पेंद्र, सुखवीर, मनोज, रवि, धर्मेंद्र, रामसिंह, अजय, इच्छा, हर्ष, उड़ेरी निवासी मयंक, अनूप, अंकित, मुस्कान, शांतुन, सागर, रामेंद्र, विशाल, वेदांत, धर्मेद्र के अलावा तीन से चार बच्चे सरकरी गांव के शामिल हैं। बच्चों की उम्र आठ से दस साल के बीच है। हादसे में उड़ेरी निवासी सागर के दांत टूटे हैं तो अंकित की पसली और हाथ में फ्रेक्चर होने पर परिवारीजन दोनों को उपचार के लिए आगरा ले गए हैं।