एटा। अलीगंज में हुई चोरी की घटना के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : ETAH
एटा/अलीगंज। कस्बा स्थित सराफ की दुकान में नकब लगाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात समेट कर फरार हो गए। सराफ सोमवार की सुबह जब दुकान पर पहुंचे तो पुलिस को सूचना दी। सराफ के अनुसार चोर करीब 10 किग्रा चांदी, तीन तोला सोना सहित 10-12 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
थाना व कस्बा अलीगंज के मोहल्ला काजी एसबीआई बैंक के बराबर में सनी ज्वैलर्स के नाम से जयप्रकाश वर्मा निवासी मोहल्ला गोविंदा की दुकान है। दुकान दो मंजिला है, इसमें ऊपरी मंजिल पर जेवरातों को रखा जाता है। भूमितल पर मोबाइल आदि का काम किया जाता है। जयप्रकाश वर्मा रविवार की शाम को दुकान बंद करके घर चले गए थे। सोमवार की सुबह वह दुकान खोलकर ऊपर की मंजिल पर पहुंचे तो नकब लगी देखी। दुकान में रखे जेवरातों को देखा तो सारा सामान भी गायब था।
जयप्रकाश ने बताया है कि चोरों ने ऊपरी मंजिल पर पहुंचकर नकब लगाई और अंदर प्रदेश कर गए। नीचे की दुकान में प्रवेश नहीं किया। प्रभारी निरीक्षक अलीगंज पंकज कुमार मिश्रा ने बताया है कि सराफ की ओर से तहरीर दी गई है, उसमें 10-12 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात चोरी होने का जिक्र किया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।