एटा। सर्दी-खांसी से ग्रसित 8 वर्षीय बालक मंगलवार को पीएचसी सेनाकलां पर दवा लेने गया। चिकित्सक ने उसे देखा और एंटीबायोटेक इंजेक्शन लगाने की बात कही। आरोप है इंजेक्शन लगाते ही उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उसे मृत बता दिया।
नगला सुभान निवासी 8 वर्षीय प्रशांत को सर्दी के साथ खांसी की दिक्कत थी। परिजन ने बताया कि प्रशांत बहन के साथ पीएचसी सेनाकलां पर दवा लेने गया। आरोप है चिकित्सक ने देखने के बाद उसे इंजेक्शन लगा दिया। कुछ समय में ही उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उसे मृत बता दिया। परिजन बालक के शव को लेकर घर चले गए। ग्रामीणों ने बताया कि पीएचसी पर दवा लेने जाओ तो चिकित्सक इंजेक्शन लगा देते हैं।
सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि बालक को बुखार आ रहा था। वह पीएचसी पर दवा लेने गया था। चिकित्सक ने उसको देखा और जेंटामाइसिन इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ी। उसे सीएचसी सकीट भेजा गया। वहां से मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। बालक की मौत हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी।