एटा। उतार-चढ़ाव तापमान वाले इस मौसम में बच्चे बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। कभी बुखार तो कभी उल्टी-दस्त से परेशान हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक वार्ड में शुक्रवार को 20 बच्चे भर्ती थे। अधिकांश बुखार और दस्त से पीड़ित थे।
मेडिकल काॅलेज की ओपीडी में इस तरह के रोजाना लगभग 20-25 बीमार बच्चे पहुंच रहे हैं। सरकारी अस्पतालों के अलावा नर्सिंग होम व क्लीनिकों पर काफी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। हालात यह हैं कि मेडिकल कॉलेज की ओपीडी खुलने से पहले ही बच्चों के परिजन चिकित्सक का इंतजार करते नजर आते हैं। बीते एक सप्ताह से बीमार बच्चों की संख्या में अधिक इजाफा हुआ है।
बाल रोग विभाग में तैनात डॉ. निहारिका ने बताया कि बच्चों में इन दिनों तीन प्रकार की बीमारी की शिकायत मिल रही है। वायरल फीवर, उल्टी व दस्त बच्चों को परेशान कर रहे हैं। बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन 150 के करीब बच्चे आते हैं।
बच्चों को उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत हो रही है। इस मौसम में बच्चों के प्रति बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवम कहते हैं कि इस प्रकार की समस्या होने पर बच्चों को बाल रोग चिकित्सक को ही दिखाएं। बच्चों में पानी की कमी न हो इसके लिए सबसे पहले ओआरएस का घोल पिलाया जाए जिससे पानी की कमी पूरी हो सके। बच्चों को भीड़भाड़ वाले स्थान पर न ले जाएं। बाहर का कोई भी खाद्य पदार्थ बच्चों को न खिलाएं। संवाद